

स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष और भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली की हालत स्थिर है और उनके स्वास्थ्य संबंधी सभी मानक सामान्य हैं। जाने मामने हृदयरोग विशेषज्ञ डॉ. देवी शेट्टी ने मंगलवार को गांगुली के स्वास्थ्य की निगरानी के बाद इस बारे में बताया। डॉ. शेट्टी ने कहा कि गांगुली को बुधवार को अस्पताल से छुट्टी दी जा जाएगी है। गांगुली को दिल का हल्का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उनकी एंजियोप्लास्टी की गई।

शनिवार को गांगुली की रिपोर्ट में हृदय से संबंधित ‘ट्रिपल वेसेल डिजीज’ का पता चला। उनके हृदय की तीन कोरोनरी धमनियां अवरूद्ध हो गयी हैं। उनकी दूसरी एंजियोप्लास्टी बाद में होने की संभावना है। बीसीसीआई अध्यक्ष को देखने के लिए डॉ. शेट्टी मंगलवार को कोलकाता पहुंचे। उन्होंने कहा, ‘गांगुली (48) देश की निधि हैं। उन्हें दिल का हल्का दौरा आया था। इससे उनके स्वास्थ्य को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
डॉ. शेट्टी ने वुडलैंड अस्पताल में गांगुली का उपचार कर रहे 13 डॉक्टरों की टीम से मिलने के बाद कहा, ‘गांगुली जल्द स्वस्थ हो जाएंगे क्योंकि उनका हृदय उसी तरह काम कर रहा है जैसा कि 20 साल की उम्र में करता था।’ डॉ. शेट्टी ने कहा, ‘यह कोई बड़ा दिल का दौरा नहीं था। इससे उनके हृदय को कोई क्षति नहीं पहुंची है। इसका भविष्य में उनके जीवन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। वह सामान्य जीवन बिता सकते हैं।
Herald