Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

जो रूट का धांसू शतक, सिबली ने भी इंग्लैंड को किया मजबूत

कप्तान जो रूट और ओपनर डोमिनिक सिबली के दम पर इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के पहले दिन 3 विकेट पर 263 रन बनाए। रूट ने अपने 100वें टेस्ट मैच में शतक लगाया और सिबली के साथ 200 रन की पार्टनरशिप की।रूट ने 197 गेंदों की अपनी नाबाद पारी में 14 चौके और एक छक्का लगाया। सिबली दिन के अंतिम ओवर (90वें ओवर) की तीसरी गेंद पर जस्प्रीत बुमराह का शिकार बने। उन्होंने 286 गेंदों का सामना किया और 12 चौकों की मदद से 87 रन बनाए।सिबली ने जहां अपनी पारी में संयम का पूरा प्रदर्शन किया, वहीं रूट ने कुछ आकर्षक शॉट्स लगाए। तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा, जसप्रीत बुमराह और स्पिनर रविचंद्रन अश्विन , शाहबाज नदीम और वॉशिंगटन सुंदर ने हर कोशिश की लेकिन रूट को आउट नहीं कर सके।


इससे पहले सलामी बल्लेबाज रोरी बर्न्स और सिबली ने पहले विकेट के लिए 63 रन जोड़कर इंग्लैंड को मजबूत शुरुआत दी। दोनों बड़ी साझेदारी की ओर बढ़ रहे थे लेकिन बर्न्स ने अश्विन की गेंद पर गैर जरूरी रिवर्स स्वीप शॉट खेलने के चक्कर में अपना विकेट गंवाया। विकेटकीपर ऋषभ पंत ने उनका आसान कैच लपका। नए बल्लेबाज डैन लॉरेंस को बुमराह ने पगबाधा आउट किया। भारतीय कप्तान विराट कोहली ने आठवें ही ओवर में अश्विन को गेंद सौंप दी।

सलामी बल्लेबाज सिब्ले और बर्न्स ने पहले घंटे संभलकर खेला। ईशांत और भारत में पहला टेस्ट खेल रहे बुमराह को उन्होंने समझदारी के साथ खेला और भारत को शुरुआती सफलता जल्दी नहीं लेने दी। इससे पहले इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया। श्रीलंका दौरे से बाहर रहे बेन स्टोक्स , जोफ्रा आर्चर और रोरी बर्न्स ने टीम में वापसी की। विराट कोहली पैटरनिटी लीव के बाद टीम में लौटे।



Herald