

भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही चार टेस्ट मैचों की सीरीज में पिच विवाद खत्म खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। चेन्नई के बाद अहमदाबाद में दो दिन में टेस्ट मैच खत्म होने पर पिच की जमकर आलोचना हो रही है। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन को इंग्लिश टीम की हार बिल्कुल भी पच नहीं रही है और किसी ना किसी तरीके से आए दिन पिच पर निशाना साधने में लगे रहते हैं। वॉन ने अब चौथे टेस्ट मैच के पिच की तैयारी को लेकर तंज कसते हुए जमीन जोतते हुए एक किसान की तस्वीर शेयर की है।
माइकल वॉन ने अपने अपने इंस्टाग्राम पर खेती करते हुए एक किसान की फोटो को शेयर करते हुए लिखा, 'मैं यह रिपोर्ट कर सकता हूं कि चौथे टेस्ट की तैयारियां काफी शानदार चल रही है। क्यूरेटर को उम्मीद है कि जल्दी मूवमेंट, गुड कैरी और शायद पांचवें दिन गेंद स्पिन करेगी।' माइकल वॉन का यह तरीका फैन्स को बिल्कुल भी रास नहीं आया है और लोगों ने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान को जमकर लताड़ा है। वॉन इस टेस्ट सीरीज की शुरुआत से ही अपने बयानों को लेकर लगातार चर्चा का विषय रहे हैं।
भारत की टीम ने इंग्लैंड को तीसरे टेस्ट मैच में 10 विकेट से हराया था। अक्षर पटेल और रविचंद्रन अश्विन की शानदार गेंदबाजी के आगे इंग्लिश बल्लेबाजों बेबस नजर आए थे और टीम पहली पारी में 112 और दूसरी इनिंग में महज 81 रन बनाकर ऑलआउट हो गई थी। टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में यह 22वां मैच रहा, जिसका नतीजा महज दो दिन के अंदर निकला। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में 30 विकेट गिरे जिसमें से 28 विकेट स्पिन गेंदबाजों के नाम रहे। इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने टेस्ट में पहली बार फाइव विकेट हॉल लिया।
Herald