

नई दिल्ली. भारत और इंग्लैंड के बीच चार मैचों की सीरीज का दूसरा टेस्ट 13 फरवरी (शनिवार) से चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में खेला जाएगा. इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने कंफर्म कर दिया है कि रोटेशन पॉलिसी के चलते दूसरे टेस्ट मैच में जेम्स एंडरसन को आराम दिया जाएगा. इसके साथ ही उन्होंने खुलासा किया कि स्पिनर डॉम बेस को भी आराम दिया जाएगा और मोइन अली को मौका मिल सकता है. जोस बटलर भी रोटेशन पॉलिसी की वजह से नहीं खेलेंगे. वहीं जोफ्रा आर्चर चोटिल होने की वजह से दूसरा टेस्ट मैच नहीं खेल पाएंगे.

इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने गुरुवार को जारी बयान में कहा, ''जोफ्रा आर्चर दाईं कोहनी के दर्द के कारण भारत के खिलाफ शनिवार से चेन्नई में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट मैच में नहीं खेलेंगे. वह इसी स्थान पर पहले टेस्ट के दौरान असहज महसूस कर रहे थे.'' यह मैच इंग्लैंड ने 227 रन से जीता था. ईसीबी ने स्पष्ट किया कि इस तेज गेंदबाज को किसी पिछली परेशानी के कारण यह चोट नहीं लगी. बोर्ड ने कहा, ''यह मामला किसी पिछली चोट से जुड़ा हुआ नहीं है और उम्मीद है कि उपचार से स्थिति जल्द ही सामान्य हो जाएगी और यह तेज गेंदबाज अहमदाबाद में तीसरे टेस्ट मैच में वापसी कर पाएगा.''
इंग्लैंड के नंबर एक बल्लेबाज और कप्तान जो रूट ने कहा था, ''जोफ्रा का नहीं खेलना झटका है, लेकिन उम्मीद है कि वह तीसरे टेस्ट तक फिट हो जाएगा.'' जोफ्रा आर्चर की जगह लेने के लिए क्रिस वोक्स और स्टुअर्ट ब्रॉड के बीच कड़ी टक्कर होगी. वहीं, जोस बटलर की जगह बेन फोक्स विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभालेंगे. दूसरे टेस्ट मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में जो रूट ने कहा कि डोमिनिक बेस को छोड़ना एक मुश्किल फैसला था. उन्होंने कहा, ''उन्हें इस बारे में बता दिया गया है और मुझे यकीन है कि वह निराश होगा. लेकिन यह वही है जो आप उन खिलाड़ियों से उम्मीद करते हैं जो वास्तव में परवाह करते हैं.''
दूसरे टेस्ट मैच के लिए इंग्लैंड की टीम: जो रूट, रॉरी बर्न्स, डॉम सिब्ली, डैनियल लॉरेंस, बेन स्टोक्स, ओली पोप, मोईन अली, जैक लीच, स्टुअर्ट ब्रॉड, क्रिस वोक्स, बेन फोक्स और ओली स्टोन.
Herald