

भारत और इंग्लैंड के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मैच चेन्नई के एम चिदंबरम स्टेडियम में खेला जा रहा है। टेस्ट के पहले दिन का खेल खत्म होने तक टीम इंडिया ने 6 विकेट के नुकसान पर 300 रन बना लिए हैं। टीम की तरफ से रोहित शर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 161 रनों की लाजवाब पारी खेली, जबकि अजिंक्य रहाणे ने 67 रनों का योगदान दिया। रोहित और रहाणे ने चौथे विकेट के मिलकर 162 रनों की पार्टनरशिप की। पहले टेस्ट मैच में बल्ले से फ्लॉप रहने के बाद रोहित और रहाणे की जमकर आलोचना हो रही थी। इसी बीच, रोहित ने रहाणे की फॉर्म को लेकर उनका बचाव किया और कहा कि उन्होंने उस समय रन बनाए, जब टीम को जरूरत थी।
रोहित ने टीम इंडिया के उपकप्तान की तारीफ करते हुए कहा, 'अजिंक्य हमारे टॉप खिलाड़ियों में से एक हैं। उन्होंने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है और कुछ महत्वपूर्ण पारियां (पिछले कुछ सालों में) खेली है। उन्होंने कई बार दिखाया है कि जब टीम को बल्लेबाज की मदद की जरूरत होती है तो वह ऐसा करते हैं। उन्होंने कई बार ऐसा किया है। जब वह बल्लेबाजी के आए थे तो लंच से पहले हमारे तीन विकेट गिर चुके थे, ऐसे में हमारे लिए साझेदारी करना जरूरी था। हमने कई बार देखा है जब टीम को जरूरत होती है तो रहाणे अपनी काबिलियत को दिखाते हैं और मुश्किल परिस्थितियों में रन बनाते हैं।'
रोहित ने इंग्लैंड के गेंदबाजों के खिलाफ अपने प्लान को लेकर बात करते हुए कहा, 'जब आप टर्निंग पिच पर खेलते हो, जहां आपको पहले से तैयार होना होता है तो आप प्रतिक्रिया करने वाले नहीं हो सकते। गेंदबाजों पर हावी होना अहम होता है और यह सुनिश्चित करना भी कि आप उनसे आगे हो। इसी को देखते हुए तालमेल बिठाना होता है। गर यह टर्न कर रही है तो कितना टर्न कर रही है। शॉट चयन पर फैसला करने से पहले इन तरह की चीजों का ध्यान रखना होता है। लेकिन मुझे इस मैच से पहले की तैयारियों से मदद मिली। मोईन अली जिस लाइन में गेंदबाजी कर रहा था, उससे समझने से भी मदद मिली। वह 'रफ (गेंदबाजी से पिच पर होने वाले खुरदुरे निशान) पर गेंदबाजी कर रहे थे इसलिए एलबीडब्ल्यू होने का थोड़ा सा मौका था।'
Herald