

नई दिल्ली. चेन्नई में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने मुकाबले में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है. भारत ने पहले दिन 6 विकेट पर 300 रन बनाए. रोहित शर्मा ने शानदार 161 रनों की पारी खेली और उपकप्तान अजिंक्य रहाणे ने भी अर्धशतक लगाया. चेन्नई की स्पिन फ्रेंडली विकेट पर पहले दिन का ये स्कोर शानदार है. खेल खत्म होने तक ऋषभ पंत (Rishabh Pant) और अक्षर पटेल क्रीज पर मौजूद थे. पहले दिन टीम इंडिया के फैंस को रोहित शर्मा की जबर्दस्त बैटिंग देखने को मिली, वैसे इसके साथ-साथ चेन्नई में ऋषभ पंत के नारे भी गूंजे.

दरअसल पहले दिन के आखिरी चंद लम्हों में ऋषभ पंत और इंग्लैंड के विकेटकीपर बेन फोक्स के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई. फोक्स ने विकेट के पीछे से कुछ कहा जिसके बाद पंत ने बैटिंग करना छोड़ दिया और वो उनकी तरफ ही मुंह कर खड़े हो गए. ऋषभ पंत को देख लेग अंपायर को उन्हें बल्लेबाजी के लिए कहना पड़ा. जब ये सारी बातें चल रही थी तो चेपॉक स्टेडियम में बैठा हर क्रिकेट फैन ऋषभ पंत के नाम के नारे लगाने लगा.
ओवर खत्म होने के बाद इंग्लैंड के कप्तान जो रूट ने ऋषभ पंत से कुछ कहा. भारतीय विकेटकीपर इसके बाद भी शांत नहीं हुए तो ऑलराउंडर जो रूट उनके पास आए. दरअसल पहले दिन के खेल के अंतिम लम्हों में इंग्लैंड के विकेटकीपर फोक्स ने पंत का ध्यान भटकाने की कोशिश की, हालांकि वो इसमें नाकाम रहे. ऋषभ पंत के इस रवैये को देख कमेंट्री कर रहे गौतम गंभीर ने कहा कि टेस्ट मैच में ऐसे मसालेदार क्षण आने चाहिए. बता दें दूसरे दिन ऋषभ पंत की बल्लेबाजी की काफी अहमियत है. पंत फिलहाल 56 गेंदों में 33 रन बनाकर खेल रहे हैं. रविवार को पंत को अपने ही अंदाज में बल्लेबाजी कर किसी तरह भारत को 400 रनों तक पहुंचाना होगा. अगर भारतीय टीम ये करने में कामयाब रहती है तो दूसरे टेस्ट मैच में जीत की राह आसान हो सकती है.
Herald