

स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और इंग्लैंड के बीच 13 फरवरी से चेन्नई में होने वाले दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच के लिए टिकटों की बिक्री सोमवार से शुरू होगी। तमिलनाडु क्रिकेट संघ के सचिव आर एस रामास्वामी ने रविवार को बताया कि आम दर्शकों को टिकट केवल ऑनलाइन बेचे जाएंगे। टिकटों की काउंटर और बॉक्स ऑफिस बिक्री नहीं होगी। राज्य सरकार ने दूसरे टेस्ट के लिए 50 फीसदी दर्शकों के प्रवेश की अनुमति दी है। दोनों टीमों के बीच पहला टेस्ट चेन्नई में दर्शकों के बिना खेला जा रहा है।

इस मैच के साथ चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम के तीन स्टैंड (दर्शक दीर्घा) 'आई', 'जे' और 'के' को 2012 के बाद पहली बार किसी इंटरनेशनल मैच के लिए दर्शकों के लिए खोला जाएगा। इन तीनों स्टैंडों को विभिन्न कारणों से 2011 विश्व कप के बाद सील कर दिया गया था, जिससे शहर को 2016 में टी-20 वर्ल्ड कप और 2019 में आईपीएल फाइनल सहित विभिन्न टूर्नामेंटों और मैचों की मेजबानी से हाथ धोना पड़ा था।

इन तीनों स्टैंडों की अधिकतम क्षमता 12,000 दर्शकों (लगभग चार-चार हजार) की हैं। भारत और पाकिस्तान के बीच 2012 में खेला गया वनडे मैच हालांकि अपवाद था जिसके लिए इन दर्शक दीर्घाओं को खोला गया था। इस बीच, दूसरे टेस्ट के दौरान दर्शकों के स्वागत के लिए टीएनसीए कर्मचारियों ने स्टैंडों की सफाई शुरू कर दी है। रामास्वामी ने बताया कि मीडिया भी दूसरे टेस्ट मैच को मैदान से कवर कर पाएंगे।इस मैच में दर्शकाें की एंट्री के साथ ही भारत भी कोरोना काल में दर्शकों के सामने इंटरनेशनल क्रिकेट मैच आयोजित करने वाला देश बन जाएगा। भारत से पहले न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया भी दर्शकों के साथ इंटरनेशनल मैच आयोजित कर चुके हैं।
Herald