

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) इतिहास के सबसे महंगे भारतीय क्रिकेटरों में से एक जयदेव उनाद्कट ने अपनी मंगेतर रिनी से शादी कर ली है। दोनों ने 2 फरवरी को करीबी दोस्तों और रिश्तेदारों की मौजूदगी में सात फेरे लिए। उनाद्कट और रिनी ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी शादी की गुड न्यूज फैन्स से शेयर की।
इन दोनों ने पिछले साल मार्च में सगाई की थी। राजस्थान रॉयल्स ने 2021 सीजन के लिए जयदेव उनाद्कट को रिटेन किया है। भारत के पांच ही ऐसे क्रिकेटर्स हैं, जिन्हें आईपीएल ऑक्शन में 11 करोड़ या इससे ज्यादा की रकम में खरीदा गया है और उनमें उनाद्कट का नाम भी दर्ज है।
उनाद्कट को 2018 ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स ने 11.5 करोड़ रुपये में खरीदा था। उनाद्कट ने 2017 आईपीएल में राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स की ओर से शानदार प्रदर्शन किया था और यही वजह थी कि उन्हें इतनी भारी भरकम कीमत पर खरीदा गया था।
आईपीएल में सबसे महंगे भारतीय क्रिकेटर होने का रिकॉर्ड युवराज सिंह के नाम दर्ज है, जिन्हें 2015 ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स (तब दिल्ली डेयरडेविल्स) ने 16 करोड़ रुपये में खरीदा था।
Herald