

स्पोर्ट्स डेस्क। चेतेश्वर पुजारा बेहद ही दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से आउट हुए थे। भारतीय पारी के 51वें ओवर में डोमनिक बेस ने बेहद ही छोटी गेंद फेंकी, जिसपर पुजारा ने लेग साइड पर शॉट खेला। गेंद शॉर्ट लेग पर खड़े ओली पोप की पीठ पर जा लगी और जिस गेंद पर पुजारा को चौका मिलना चाहिए था उसपर वह आउट हो गए।
हुआ यूं कि पोप की पीठ पर लगने के बाद गेंद उछलकर सीधे रॉरी बर्न्स के हाथों में चली गई। पुजारा जिस तरह आउट हुए इस बात पर उन्हें खुद भी यकीन नहीं हुआ। पुजारा 73 रनों की पारी के दौरान 143 गेंदों तक क्रीज पर टिके रहे और अपनी शानदार पारी में उन्होंने 11 चौके भी लगाए।
वहीं अगर मैच की बात करें तो इस मैच में इंग्लैंड की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 578 रनों का विशाल स्कोर बनाया है। टीम इंडिया के लिए रविचंद्रन अश्विन, बुमराह ने 3-3 और इशांत और नदीम ने 2-2 विकेट लिए। वहीं भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने अपने दोनों सलामी बल्लेबाज सस्ते में गंवा दिए थे। खबर लिखे जाने तक टीम इंडिया का स्कोर 6 विकेट के नुकसान पर 237 रन है।
Herald