कोलकाता
गोकुलम केरल फुटबॉल क्लब ने अपना पहला आई लीग फुटबॉल का खिताब जीत लिया है। कोलकाता में शनिवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में गोकुलम ने ट्राउ को 4-1 से हराकर जीत का स्वाद चखा। गोकुलम की टीम ने मैच में एक गोल से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए जीत हासिल की।
मैच की बात करें तो ट्राउ के लिए 23वें मिनट में विद्यासागर सिंह ने गोल किया। वहीं गोकुलम के लिए शरीफ मोहम्मद ने 69वें, एमिल बेनी ने 74वें, डेनिस एंटवी ने 77वें और मोहम्मद राशिद ने अतिरिक्त समय में गोल दागे।
टूर्नामेंट के अन्य मुकाबले में चर्चिल ब्रदर्स ने पंजाब एफसी को 3-2 से हराया। इसके बाद उसके और गोकुलम दोनों के 29 अंक थे लेकिन एक दूसरे के खिलाफ रिकॉर्ड के आधार पर गोकुलम विजेता बना। इस सत्र में दोनों टीमों के बीच खेले गए दो मैचों में से चर्चिल ने पहला 3-2 से जीता जबकि गोकुलम ने दूसरा 3-0 से बाजी मारी थी।
खिताबी जीत के साथ ही गोकुलम ने अब अगले सत्र में एएफसी कप (एशिया की दूसरे दर्जे की क्लब प्रतियोगिता) के ग्रुप चरण के लिए क्वालीफाई कर लिया है। यही नहीं गोकुलम अब आई लीग खिताब जीतने वाली केरल की पहली टीम भी बन गई है।
The post फुटबॉल: गोकुलम केरल ने पहली बार जीता खिताब, फाइनल में ट्राउ को 4-1 से हराया appeared first on Bhavtarini.