

स्पोर्ट्स डेस्क। इंग्लैंड के स्पिन कोच जीतन पटेल ने ऋषभ पंत की आक्रामक बल्लेबाजी की जमकर तारीफ की है। इंग्लिश टीम के कोच ने माना की पंत की शतकीय पारी की वजह से इंग्लैंड टीम की मैच पर पकड़ कमजोर हुई है। पत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे चौथे टेस्ट के दूसरे दिन बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 101 रनों की पारी खेली। पंत ने वॉशिंगटन सुंदर के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 113 रनों की साझेदारी की और भारत को मुश्किल परिस्थिति से बाहर निकाला।

ऑनलाइन प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए पटेल ने कहा, 'जब खिलाड़ी को उसके कौशल के मुताबिक खुल कर खेलने की छूट मिलती है, जैसा इस टीम में ऋषभ पंत के साथ है। उन्होंने आज ऐसा ही किया और इससे मैच में विरोधी टीम की पकड़ कम हो जाती है। उन्होंने चाय के विश्राम के बाद आक्रामक रूख अपनाया। इस आक्रामक रूख ने उनके पक्ष में काम किया और उन्होंने शतक पूरा किया। पंत की पारी की महत्वपूर्ण बात वाशिंगटन सुंदर के साथ उनकी साझेदारी थी। भारतीय टीम ने इस दौरान पूरे सेशन में ज्यादा विकेट नहीं गंवाए।

न्यूजीलैंड के पूर्व गेंदबाज ने कहा कि मैच अभी भी संतुलित स्थिति में है। उन्होंने कहा, 'मैच अभी भी संतुलित स्थिति में है। मुझे लगता है कि पंत और सुंदर की साझेदारी काफी बड़ी थी। आखिरी सेशन से पहले भारत का स्कोर छह विकेट पर 153 रन था और वे 56 रन से पीछे थे। हमने सोचा था कि जल्दी से विकेट लेकर पहली पारी में बढ़त हासिल करेंगे।' पटेल ने विराट कोहली का विकेट चटकाने वाले बेन स्टोक्स की भी तारीफ करते हुए कहा, 'उन्होंने कुछ महत्वपूर्ण विकेट लिए और वही काम किया जो टीम का दूसरा तेज गेंदबाज करता है। वह काफी थक चुके थे लेकिन वह हार नहीं मानते है। मुश्किल परिस्थितियों में अच्छा करना उन्हें पसंद है।
Herald