Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

धवन ने पकड़ा बेन स्टोक्स का कैच तो मैदान में ही हार्दिक पंड्या ने जोड़े हाथ

भारत और इंग्लैंड के बीच पुणे में हुए सीरीज के तीसरे और आखिरी मैच के दौरान ऐसा वाकया हुआ, जिसके बारे में जानकार आप भी खुश हो जाएंगे. दरअसल, इंग्लैंड की पारी के दौरान जब शिखर धवन ने ऑलराउंडर बेन स्टोक्स का बाउंड्री पर शानदार कैच पकड़ा, तो हार्दिक पंड्या धवन के हाथ जोड़ने लगे. इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पंड्या धवन के आगे नतमस्तक नजर आ रहे हैं. मैदान में पंड्या को ऐसे हाथ जोड़ते देख केवल फैंस ही नहीं, बल्कि डगआउट में बैठे साथी खिलाड़ी भी हैरत में पड़ गए थे. उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. पंड्या का मैदान में ऐसा करने के पीछे की कहानी भी बड़ी दिलचस्प है. दरअसल, इंग्लैंड की पारी के पांचवें ओवर में हार्दिक ने बेन स्टोक्स का आसान सा कैच छोड़ दिया था. उस समय स्टोक्स 15 रन पर खेल रहे थे. कप्तान कोहली समेत टीम के सभी खिलाड़ी जानते थे कि ये कैच टीम पर कितना भारी पड़ सकता है. इसलिए जब पंड्या ने स्टोक्स का कैच छोड़ा तो विराट और रोहित शर्मा का रिएक्शन देखने लायक था. दोनों हैरान थे कि पंड्या जैसा शानदार फील्डर कैसे इतना आसान कैच छोड़ सकता है. खुद पंड्या को भी इसका मलाल था.


धवन ने स्टोक्स का कैच पकड़ा


गनीमत रही कि स्टोक्स टीम इंडिया पर भारी नहीं पड़े और 11वें ओवर में तेज गेंदबाज टी.नटराजन की एक गेंद पर स्क्वेयर लेग के ऊपर से बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में वो धवन को कैच थमा बैठे. धवन ने जैसे ही स्टोक्स का कैच पकड़ा पंड्या के चेहरे पर खुशी तैर गई और उन्होंने राहत की सांस ली. वो धवन के सम्मान में जमीन पर सिर झुकाकर लेट गए. उनकी इस हरकत को देखकर साथी खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ के मेंबर भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए. स्टोक्स 39 गेंद पर 35 रन बनाकर आउट हुए.

सैम करेन ने नाबाद 95 रन बनाए


इससे पहले, मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शिखर धवन (67), ऋषभ पंत (78) और हार्दिक पंड्या (64) रन की पारी की बदौलत 48.2 ओवर में 329 रन बनाए. जीत के लिए मिले लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड टीम के एक वक्त 257 रन पर 8 विकेट गिर चुके थे. लेकिन सैम करेन(95 नाबाद) ने मार्क वुड के साथ नौवें विकेट के लिए 60 रन जोड़कर इंग्लैंड की मैच में वापसी करा दी. आखिरी ओवर में मेहमान टीम को जीतने के लिए 14 रन चाहिए थे. लेकिन पहली ही गेंद पर मार्क वुड रन आउट हो गए. इसके बाद अगली तीन गेंद पर तीन रन ही बने. पांचवीं गेंद पर सैम करेन ने चौका मारा और आखिरी गेंद पर रन नहीं बना और भारत ये मुकाबला 7 रन से जीतने के साथ ही सीरीज भी 2-1 से जीत गया.



Herald