Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

ईशान किशन और पंत को कोहली से कौन की कला सीखनी चाहिए, सहवाग ने दी सलाह

भारतीय युवा बल्लेबाज ईशान किशन और रिषभ पंत में काफी प्रतिभा है और इन दोनों को टीम इंडिया के पूर्व ओपनर बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने कमाल की सलाह दी है। सहवाग ने कहा कि, इन दोनों बल्लेबाजों को कप्तान विराट कोहली से सीखना चाहिए। वीरू के मुताबिक विराट कोहली एक बार सेट होने के बाद जिस तरह से मैच को फिनिश करते हैं, इन दोनों युवा बल्लेबाजों को भी उनसे ये कला सीखनी चाहिए। ईशान किशन ने भारत के लिए अपने डेब्यू टी20 मैच में ही कमाल की बल्लेबाजी की थी और 32 गेंदों पर 56 रन की पारी खेलते हुए टीम की जीत का आधार बना दिया था। वहीं विराट भी इस मैच में फॉर्म में लौट आए थे और नाबाद 73 रन की पारी खेलते हुए भारत को 7 विकेट से जीत दिला दी थी।

वीरेंद्र सहवाग ने क्रिकबज के साथ बात करते हुए कहा कि, ईशान किशन और रिषभ पंत को सीखना चाहिए कि मैच को किस तरह से फिनिश करते हैं साथ ही उन्हें अपना विकेट आसानी से नहीं गंवाने की कला भी सीखनी चाहिए। जिस तरह से विराट कोहली मैच को फिनिश करते हैं साथ ही सेट होने के बाद अपना विकेट आसानी से नहीं गंवाते इन दोनों को ये कला अपने कप्तान से सीखने की जरूरत है। सहवाग ने कहा कि, जब विराट कोहली का दिन होता है तो वो इस बात को सुनिश्चित करते हैं कि मैच में जीत दिलाकर ही पवेलियन वापस लौटें चाहे कोई भी प्रारूप हो और ये विराट कोहली की बल्लेबाजी की सबसे खास बात है। अब ईशान किशन और रिषभ पंत को भी ये सीखना चाहिए कि, जब आपका दिन हो वक्त हो तो अपना विकेट ऐसा ही ना गंवा दें।

सहवाग ने सचिन तेंदुलकर की कुछ बातों का जिक्र करते हुए कहा कि, तेंदुलकर भी मुझे कुछ ऐसी ही सलाह दिया करते थे। वो मुझसे कहते थे कि, जब तुम्हारा दिन हो तो जितनी देर तक हो सके खेलो, रन बनाओ और नॉट आउट होकर पवेलियन लौटो। वो ये भी कहते थे कि, कल का दिन कैसा होगा, तुम रन बना पाने में कामयाब हो पाओगे या नहीं ये नहीं पता, लेकिन जब दिन होता है तो खिलाड़ी को पता होता है कि, वो कैसा खेल रहा है और उस दिन गेंद फुटबॉल की तरह नजर आती है। ऐसे में उस दिन का पूरा फायदा उठाने की कोशिश करनी चाहिए।



Herald