Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

पंत की बैटिंग के फैन हुए इंजमाम उल हक, महेंद्र सिंह धोनी और एडम गिलक्रिस्ट से की तुलना

इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में महज 40 गेंदों में 77 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलने वाले ऋषभ पंत की हर तरफ से वाहवाही बटोर रहे हैं। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक ने भी भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज की जमकर तारीफ की है। इंजमाम ने पंत की तुलना महेंद्र सिंह धोनी और एडम गिलक्रिस्ट से की और कहा कि अगर वह ऐसा ही खेलते रहे तो इन दोनों को काफी पीछे छोड़ देंगे। पंत का प्रदर्शन पिछले इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई टेस्ट और टी-20 सीरीज में भी बेहद शानदार रहा था।


अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए इंजमाम उल हक ने कहा, 'जिसने इंडिया की बैटिंग को निचले क्रम में बूस्ट दिया वह ऋषभ पंत हैं, जिन्होंने 40 गेंदों में 77 रनों की आतिशी पारी खेली। उनकी वजह से ही इंडिया का रनरेट ऊपर गया। मैं उनको पिछले छह-सात महीने से फॉलो कर रहा हूं और वह जिस तरह से अलग-अलग बैटिंग पोजिशन पर आकर बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे हैं वह लाजवाब है।' पंत ऑस्ट्रेलिया दौरे से ही लगातार अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गाबा के मैदान पर पंत ने 89 रनों की नाबाद पारी खेलकर टीम को ऐतिहासिक जीत दिलाई थी। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के 4 मैचों में विकेटकीपर बल्लेबाज ने 54 की औसत से 270 रन कूटे थे।

इंजमाम उल हक ने पंत की तुलना धोनी और गिलक्रिस्ट से करते हुए कहा, 'वह जिस तरह से खुद को एक्सप्रेस करते हैं और जिस तरह की रेंज के शॉट उनके पास है, ऐसे मैंने पिछले 30 से 35 साल में सिर्फ दो ही विकेटकीपर बल्लेबाजों को देखा है, महेंद्र सिंह धोनी और एडम गिलक्रिस्ट। यह वह दो विकेटकीपर थे जो मैच को पलटने का दमखम रखते थे। ऋषभ पंत जिस तरह का प्रदर्शन कर रहे हैं, अगर वह ऐसा ही खेलते रहे तो वह धोनी और गिलिक्रिस्ट को काफी पीछे छोड़ देंगे।' इंजमाम ने बताया कि दूसरे वनडे मैच में पंत की बदौलत ही भारत की टीम 336 जैसे विशाल लक्ष्य तक पहुंच सकी।



Herald