

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का 14वां सीजन 9 अप्रैल से शुरू हो रहा है. टूर्नामेंट के आगाज से पहले पूर्व भारतीय बल्लेबाज रॉबिन उथप्पा ने एक खुलासा किया है. रॉबिन उथप्पा ने बताया है कि राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच उनकी ट्रेडिंग के पीछे क्या वजह रही थी. आईपीएल के सफलतम खिलाड़ियों में शुमार रॉबिन उथप्पा को धोनी के नेतृत्व वाली चेन्नई सुपर किंग्स ने ट्रेडिंग में खरीदा. तीन बार आईपीएल का खिताब जीत चुकी चेन्नई सुपर किंग्स के लिए उथप्पा पहली बार आईपीएल 2021 में खेलेंगे. इससे पहले उन्होंने सीएसके के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को लेकर कुछ बातें शेयर की हैं. रॉबिन उथप्पा ने ईएसपीएनक्रिकइंफो से बातचीत में कहा, ''महेंद्र सिंह धोनी ने ट्रेडिंग के बाद मुझे कॉल किया और कहा कि मैं तुम्हें ये बताना चाहता हूं कि मैंने तुम्हें टीम में लेने का फैसला नहीं किया है.

ये टीम मैनेजमेंट और लीडरशिप का फैसला है, जिसमें कोच और सीईओ शामिल हैं.'' धोनी की टीम का हिस्सा बनने वाले उथप्पा राजस्थान रॉयल्स, मुंबई इंडियंस, रायल चैलेंजर्स बैंगलोर, पुणे वारियर्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए खेल चुके हैं रॉबिन उथप्पा ने कहा, ''मुझे धोनी की यही बात पसंद है कि वह खिलाड़ी नहीं चुनते, बल्कि वे चाहते हैं कि चुने गए खिलाड़ी टीम बनाएं.'' उन्होंने कहा, ''धोनी नहीं चाहते कि कोई ये सोचे कि वो किसी को टीम में चुन रहे हैं. वो चाहते हैं कि हर कोई अपनी काबिलियत के आधार पर ही टीम में आए. अगर मुझपर बात आएगी तो मैं सभी को कहूंगा कि वो तुम्हें लेकर मिलकर खुद निर्णय लें, क्योंकि सभी को ये लगता है कि धोनी चेन्नई में है इसीलिए रॉबिन उथप्पा को टीम में चुना गया है. उन्होंने आगे कहा कि धोनी का ये कहना सच में शानदार है. मैं उनकी सच्चाई की सराहना करता हूं. मैं चेन्नई की टीम में अपनी काबिलियत के दम पर आया हूं.
यही धोनी की काबिलियत है. वो अपनी टीम में सभी को उनके हुनर के आधार पर लाते हैं.'' हाल ही में खेली गई विजय हजारे ट्ऱॉफी में रॉबिन उथप्पा ने केरल को क्वार्टर फाइनल में पहुंचाया. चेन्नई सुपर किंग्स के इस अनुभवी बल्लेबाज ने 6 मैचों में 131.81 की स्ट्राइक रेट से 377 रन बनाए थे. बता दें कि रॉबिन उथप्पा इंडियन प्रीमियर लीग में शुरुआत से ही हर सीजन का हिस्सा रहे हैं. राजस्थान रॉयल्स के पूर्व बल्लेबाज ने 129.99 के स्ट्राइक रेट से 4607 रन बनाए हैं. इस स्टार बल्लेबाज ने आईपीएल में 24 अर्धशतक भी जड़े हैं. उन्होंने आईपीएल 2014 में ऑरेंज कैप भी जीती थी. केकेआर के इस पूर्व बल्लेबाज ने 2014 में टीम के लिए 660 रन बनाए थे. 2014 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल का खिताब भी अपने नाम किया था. इस सीजन में गौतम गंभीर कप्तान थे. गंभीर की कप्तानी में रॉबिन उथप्पा ने इस सीजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.
Herald