बर्मिघम
विश्व चैंपियन बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू ने बुधवार को यहां ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया, जबकि किदांबी श्रीकांत और पारूपल्ली कश्यप अपने-अपने शुरुआती दौर के मुकाबले हारकर बाहर हो गए। ओलंपिक की रजत पदक विजेता सिंधू ने मलेशिया की सोनिया चिया को 38 मिनट में ही 21-11, 21-17 से हरा दिया।
आठवें वरीय श्रीकांत को टूर्नामेंट के शुरुआती दिन आयरलैंड के गैर वरीयता प्राप्त एनगुयेन नहाट से 11-21, 21-15, 12-21 से हार का सामना करना पड़ा। यह मैच पूरे एक घंटे तक चला जिसमें आयरलैंड के खिलाड़ी ने दूसरा गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी की। राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता कश्यप को जापान के शीर्ष वरीय केंटो मोमोटा से 42 मिनट तक चले मुकाबले में 13-21, 2-22 से पराजय मिली।
अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्डी की भारतीय जोड़ी हालांकि महिला डबल्स के मैच में थाइलैंड की बेनयापा ऐमसार्ड और नूनताकर्ण ऐमसार्ड की जोड़ी को सीधे गेम में पराजित करने में सफल रही। भारतीय जोड़ी ने 30 मिनट तक चले मुकाबले में 21-14, 21-12 से जीत दर्ज की।
इससे पहले भारतीय बैडमिंटन दल को चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए मंजूरी दी गई क्योंकि कोविड-19 पॉजिटिव आने वाले खिलाड़ी संचालन संस्था (बीडब्ल्यूएफ) द्वारा हुए कोविड टेस्ट में निगेटिव आए थे। जो खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ का सदस्य कोरोना पॉजिटिव पाया गया था, वे सभी लंबे समय से क्वारंटाइन और बायो-बबल में थे। ऐसे में कोरोना वायरस की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद सभी के होश उड़ गए थे।
The post ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप में पीवी सिंधू जीतीं appeared first on Bhavtarini.