Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

शिखर धवन-रोहित शर्मा की जोड़ी का बड़ा कारनामा, तोड़ा एडम गिलक्रिस्ट-मैथ्यू हेडन का रिकॉर्ड

इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के तीसरे और निर्णायक मैच में रोहित शर्मा और शिखर धवन की सलामी जोड़ी ने बड़ा कारनामा करते हुए ऑस्ट्रेलिया की महान सलामी जोड़ियों में से एक एडम गिलक्रिस्ट और मैथ्यू हेडन को पीछे छोड़ दिया है। रविवार को दोनों बल्लेबाजों ने टीम इंडिया को अच्छी शुरुआत देते हुए पहले विकेट के लिए 103 रन की साझेदारी की। वनडे क्रिकेट में यह 17वां मौका था जब रोहित-धवन की जोड़ी ने ओपनिंग करते हुए 100 रनों से ज्यादा की पार्टनरशिप की। उन्होंने इस मामले में गिलक्रिस्ट और हेडन को पछाड़ दिया, जिन्होंने वनडे में ओपनिंग करते हुए 16 बार 100 से ज्यादा की साझेदारी की थी।


वनडे क्रिकेट में बतौर ओपनर सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी करने वाले खिलाड़ियों की बात करें तो यह रिकॉर्ड भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के नाम दर्ज है। दोनों बल्लेबाजों ने 50 ओवरों के क्रिकेट में ओपनिंग करते हुए 21 बार शतकीय साझेदारी निभाई है। वहीं वनडे क्रिकेट में ओवरऑल सबसे ज्यादा 100 से ज्यादा रन की साझेदारी करने के मामले में रोहित व धवन चौथे नंबर पर आ गए हैं। यहां भी सचिन और गांगुली पहले नंबर पर हैं।

सचिन और गांगुली की महान जोड़ी ने टीम इंडिया की तरफ से वनडे क्रिकेट में 26 बार शतकीय साझेदारी निभाई है। इस लिस्ट में चौथे नंबर पर रोहित और धवन की जोड़ी है, जिसने अब तक 17 बार शतकीय साझेदारी की है। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर श्रीलंका के महान तिलकरत्ने दिलशान और कुमार संगाकारा की जोड़ी है, जिसने 20 बार 100 रनों से ज्यादा की साझेदारी की है। तीसरे नंबर पर भारत के ही रोहित शर्मा और कप्तान विराट कोहली की जोड़ी है, जिसने 18 बार यह कारनामा किया है।



Herald