

भारत के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन करने वाले जॉनी बेयरस्टो अब आईपीएल 2021 में गजब की बल्लेबाजी को तैयार हैं. जॉनी बेयरस्टो सनराइजर्स हैदराबाद की टीम से जुड़ गए हैं. सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने मैच विनर का एक वीडियो पोस्ट किया है जिसमें बेयरस्टो ने अपनी पसंदीदा भारतीय डिश का नाम बताया है. जॉनी बेयरस्टो ने खुलासा किया कि उन्हें हैदराबादी बिरयानी बेहद पसंद है. हैदराबादी बिरयानी को वो किसी भी भारतीय मिठाई या मीठे व्यंजन से ऊपर रखते हैं. बेयरस्टो ने वीडियो में कहा, 'बिरयानी के मसाले और तीखापन बहुत अच्छा होता है. हैदराबाद के लिए खेलना और बिरयानी कमाल की है.'

जॉनी बेयरस्टो से इंटरव्यू में सनराइजर्स हैदराबाद टीम को एक शब्द में जाहिर करने के लिए कहा गया. इसपर बेयरस्टो ने इस टीम को परिवार कहा. बेयरस्टो ने कहा कि वो आईपीएल 2021 में अच्छा प्रदर्शन जारी रखना चाहते हैं. बेयरस्टो ने 21 आईपीएल मैचों में कुल 790 रन बनाए हैं. बेयरस्टो ने पिछले आईपीएल सीजन में 11 मैचों में 345 रन बनाए थे. हालांकि इसके बाद ऋद्धिमान साहा ने महज 4 मैचों में 214 रन बनाकर अपना दावा भी मजबूत किया था.

जॉनी बेयरस्टो ने भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के पांच मैचों में 39.33 की औसत से 118 रन बनाए थे. लेकिन वनडे सीरीज में उनका बल्ला कमाल का ही चला. बेयरस्टो ने 3 मैचों में एक शतक और 1 अर्धशतक के दम पर 219 रन बनाए और उनका औसत 73 का रहा. गजब की बात ये है कि वनडे सीरीज में उनका स्ट्राइक रेट 120 से ज्यादा का रहा. बेयरस्टो को मैन ऑफ द सीरीज भी चुना गया. साफ है हैदराबाद को इस बल्लेबाज से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी. अब तो हैदराबाद ने उनके हमवतन और सलामी जोड़ीदार जेसन रॉय को भी टीम में शामिल कर लिया है. देखते हैं कि क्या हैदराबाद की टीम इन दोनों बल्लेबाजों को मैदान पर एक साथ उतारेगी?
Herald