

टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी-20 मैच में हुई खराब अंपायरिंग पर जमकर भड़के हैं. मैच के बाद विराट कोहली ने इस मैच में अंपायरिंग के स्तर पर भी सवाल उठाए हैं. बता दें कि इस मैच में दो मौकों पर थर्ड अंपायर ने टीम इंडिया के खिलाफ गलत फैसले सुनाए. मैच में भारतीय पारी के 14वें ओवर में दूसरी गेंद पर थर्ड अंपायर ने सूर्यकुमार यादव के कैच को लेकर गलत फैसला सुनाया, क्योंकि मैदानी अंपायर ने सॉफ्ट सिग्नल आउट दिया था.

भारतीय पारी के 20वें ओवर में जब वॉशिंगटन सुंदर ने जोफ्रा आर्चर (Jofra Archer) की गेंद को हिट किया, तब ब्राउंड्री पर मौजूद फील्डर आदिल राशिद (Adil Rashid) ने गेंद को लपक लिया. रिप्ले के दौरान बॉल को पकड़ते हुए राशिद का पैर रस्सी को छूता हुआ नजर आ रहा था, इसके बावजूद टीवी अंपायर ने सुंदर को आउट करार दिया, क्योंकि यहां भी मैदानी अंपायर ने सॉफ्ट सिग्नल आउट दिया था. मैच के बाद कप्तान विराट कोहली ने कहा, 'इस तरह के मामलों में जब बात करीबी हो तो सॉफ्ट सिग्नल काफी अहम बन जाता है.' कोहली ने कहा, 'टेस्ट सीरीज में एक ऐसा वाकया हुआ था जब अजिंक्य रहाणे ने गेंद को कैच किया था, लेकिन वह पूरी तरह आश्वस्त नहीं थे. मुझे समझ नहीं आता कि अंपायर्स के लिए भी 'मुझे पता नहीं' जैसा कोई सिग्नल क्यों नहीं है. खेल के लिए ऐसा करना जरूरी है.'
सॉफ्ट सिग्नल को लेकर उपजे विवाद पर कप्तान कोहली ने कहा, 'इतने बड़े मैचों में आपको ये समझना होगा कि इस तरह के कुछ फैसले पूरे मैच के नतीजे पर असर डाल सकते हैं. सॉफ्ट सिग्नल काफी अहम हो गया है और यह काफी ट्रिकी है.' बता दें कि भारत ने अपने गेंदबाजों के बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत चौथे टी-20 मुकाबले में इंग्लैंड को आठ रन से हराकर पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-2 से बराबरी हासिल कर ली. भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 185 रन का स्कोर बनाया और फिर उसने इंग्लैंड को निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 177 रन पर रोक दिया.
Herald