

भारतीय क्रिकेट टीम में मध्यक्रम के भरोसेमंद बल्लेबाज श्रेयस अय्यर इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। उनके इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2021 के पहले हाफ में खेलने पर भी संदेह है। इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैच की सीरीज के पहले वनडे में श्रेयस अय्यर के कंधे की हड्डी खिसक गई थी। उन्हें फील्डिंग के दौरान मैदान छोड़कर जाना पड़ा था।

अय्यर इंडियन प्रीमियर लीग में दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान हैं। उनका इस समय चोटिल होना दिल्ली कैपिटल्स के लिए निश्चित ही निराशाजनक और चिंताजनक बात है। उनकी गैरमौजूदगी में दिल्ली कैपिटल्स की कमान भारतीय विकेटकीपर और धाकड़ बल्लेबाज ऋषभ पंत, ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान स्टीव स्मिथ या वरिष्ठ ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन को सौंपी जा सकती है।बता दें कि 23 मार्च 2021 को पुणे में खेले गए पहले वनडे के दौरान इंग्लैंड की पारी के 8वें ओवर में श्रेयस अय्यर चोटिल हो गए थे। उन्होंने तेज गेंदबाज शार्दुल ठाकुर की गेंद पर जॉनी बेयरस्टो के शॉट को रोकने के लिए डाइव लगाई थी, लेकिन संतुलन बिगड़ गया और उनका कंधा चोटिल हो गया। वह जब मैदान से बाहर निकल रहे थे, तो कंधे को पकड़े हुए थे। उन्हें देखकर ही उनकी चोट की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता था।

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ‘उनके आईपीएल के पहले हाफ में खेलने की संभावना नहीं है।’ मंगलवार को मैच के बाद बीसीसीआई ने कहा था, ‘श्रेयस अय्यर के कंधे की हड्डी आठवें ओवर में क्षेत्ररक्षण करते समय खिसक गई थी। उन्हें स्कैन के लिए ले जाया गया है।’
Herald