

भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा टी-20 मुकाबला अहमदाबाद में खेला गया. कप्तान विराट कोहली (नाबाद 73) और डेब्यू कर रहे ईशान किशन (56) के अर्धशतकों की बदौलत भारत ने दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में शानदार वापसी करते हुए इंग्लैंड को 13 गेंद रहते सात विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर ली. ईशान किशन (Ishan Kishan) ने 4 और विराट कोहली (Virat Kohli) ने तीन छक्के जड़े. लेकिन सबसे शानदार छक्का विराट कोहली (Virat Kohli) द्वारा था. विराट कोहली (Virat Kohli) ने बेन स्टोक्स की गेंद पर अजीबोगरीब शॉट खेला. छक्के को देखकर गेंदबाज बेन स्टोक्स (Ben Stokes) भी हंसने लगे. सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.

165 रन का पीछा करने उतरी टीम इंडिया 6 ओवर में 1 विकेट खोकर 53 रन बना चुका था. विराट कोहली ने आकर ईशान किशन के साथ पारी को संभाला और जीत तक ले गए. 7वां ओवर बेन स्टोक्स करने आए. उस वक्त क्रीज पर विराट कोहली मौजूद थे. ओवर की दूसरी गेंद पर विराट कोहली ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की. लेकिन बॉल ने बल्ले से भारी किनारा लिया. ऐसा लग रहा था कि थर्डमैन पर फील्डर कैच कर लेगा, लेकिन गेंद बाउंड्री पार छक्के के लिए चली गई.
कोहली ने अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान 49 गेंद का सामना किया जिसमें पांच चौके और तीन छक्के जड़े थे. कोहली ने 18वें ओवर में क्रिस जोर्डन की गेंद को छक्के के लिये पहुंचाकर टीम को जीत दिलायी और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 3000 रन भी पूरे किये. वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में ऐसा करने वाले पहले खिलाड़ी है.किशन ने 32 गेंद में पांच चौके और चार छक्के से 56 रन बनाये. कोहली और किशन ने दूसरे विकेट के लिये 94 रन की भागीदारी निभायी. इस तरह किशन ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार पदार्पण किया.
Herald