

आईपीएल का बिगुल बजने वाला है. इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खत्म होने के बाद नौ अप्रैल से सभी आठ फ्रेंचाइजीज के बीच आईपीएल खिताब को लेकर जंग शुरू हो जाएगी. बीते सीजन में बुरी तरह मात खाने के बाद कप्तान महेंद्र सिंह धोनी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को दोबारा पटरी पर लाने के लिए जुटे हुए हैं. बुधवार को धोनी को उन्हीं की टीम के युवा तेज गेंदबाज हरी शंकर रेड्डी ने क्लीन बोल्ड कर दिया.
Hari Shankar Reddy taking Dhoni's wicket during the practice#IPL2021 pic.twitter.com/zpEv8gHsp8
— Vinesh Prabhu (@vlp1994) March 17, 2021
प्रैक्टिस सेशन के दौरान रेड्डी की गुड लेंथ गेंद टप्पा पड़ने के बाद अंदर की तरफ आई. महेंद्र सिंह धोनी गेंद को पढ़ पाने में पूरी तरह से चूक गए और उनकी गिल्लियां बिखर गई. इस घटना का वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. आईपीएल 2021 के लिए ऑक्शन के दौरान चेन्नई सुपर किंग्स ने हरी शंकर रेड्डी को उनके बेस प्राइज 20 लाख रुपये में अपनी टीम का हिस्सा बनाया था.
22 साल के रेड्डी घरेलू क्रिकेट में आंध्र प्रदेश के लिए 18 मुकाबले खेल चुके हैं.13 टी20 मुकाबलों में उन्होंने 19.26 की औसत से 19 विकेट निकाले. घरेलू क्रिकेट में शानदार फॉर्म को देखते हुए ही चेन्नई ने हरी शंकर रेड्डी को टीम में मौक दिया. वहीं, दूसरी और महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) नवंबर में खत्म हुए बीते आईपीएल सीजन के बाद से ही सक्रिय क्रिकेट से दूर थे. मार्च की शुरुआत में ही उन्होंने आईपीएल 2021 के लिए प्रैक्टिस शुरू की है. धोनी ने पिछले साल 15 अगस्त के दिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की थी . आईपीएल टूर्नामेंट के दौरान उन्होंने साफ कर दिया था कि वो आगे भी कुछ वर्षों तक आईपीएल में क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे.
Herald