

बाबर आजम ने एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. वे वनडे में सबसे कम पारियों में 13 शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. बाबर ने भारतीय कप्तान विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है. पहले वनडे मैच में बाबर ने यह वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया. पाकिस्तान और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज शुक्रवार से शुरू हुई.

मेजबान दक्षिण अफ्रीका ने पहले खेलते हुए 6 विकेट पर 273 रन बनाए. रेसी वान डर डुसेन ने नाबाद 123 रन बनाए. उन्होंने 134 गेंद का सामना किया. 10 चौके और 2 छक्के लगाए. इसके अलावा डेविड मिलर ने भी 50 रन की पारी खेली. पाकिस्तान की ओर से बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शाहिन शाह आफरीदी और हारिस रऊफ ने दो-दो विकेट लिए. इसके अलावा मोहम्मद हसनैन और फहीम अशरफ को एक-एक विकेट मिला.

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही. कागिसो रबाडा ने फखर जमान (8) को आउट किया. 9 रन पर पहला विकेट गिरने के बाद बाबर आजम (103) और इमाम उल हक (70) ने दूसरे विकेट के लिए 177 रन जोड़कर पारी को संभाला. इस दौरान बाबर ने शतक भी पूरा किया. उन्होंने 104 गेंद का सामना किया और 17 चौके लगाए. दूसरी ओर इमाम उल हक ने 80 गेंद पर 70 रन बनाए. 3 चौके और 1 छक्के लगाए. पाकिस्तान ने यह मैच अंतिम गेंद पर तीन विकेट से जीता.
Herald