नई दिल्ली
ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पैट कमिंस से प्रभावित होकर उनके हमवतन पूर्व खिलाड़ी ब्रेट ली ने कोविड-19 महामारी से जूझ रहे भारत को एक बिटक्वाइन (लगभग 40 लाख रुपये) से मदद करने की घोषणा की है। उनसे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स के कमिंस ने सोमवार को भारत में कोविड-19 अस्पतालों में ऑक्सीजन की आपूर्ति के लिए 'पीएम केयर्स फंड' में 50,000 डॉलर यानी करीब 37 लाख रुपये दान देने की घोषणा की थी।
उनके बाद मंगलवार को ब्रेट ली ने ट्विटर पर जारी बयान में कहा, 'मैं इस महामारी से लोगों को जूझते हुए देखकर काफी दुखी हूं रहे हैं। मुझे इस बात की खुशी है कि मैं इस स्थिति में हूं कि कुछ हद तक अंतर पैदा कर सकूं और इसको ही ध्यान रखते हुए, मैं एक बीटीसी (लगभग 40 लाख रूपये) यानी क्रिप्टो करंसी बिटक्वाइन में दान करना चाहता हूं, जिससे देश के अस्पतालों में ऑक्सीजन की आपूर्ति में मदद हो सके।'
ब्रेट ली ने कहा 'भारत हमेशा मेरे लिए दूसरे घर जैसा रहा है। मुझे यहां पर लोगों से पेशेवर करियर और संन्यास के बाद भी जो प्यार मिला है उसके लिए मेरे दिल में एक खास जगह है।' एक बिटक्वाइन की कीमत अभी 40 लाख रूपये से कुछ अधिक है। भारत में हालांकि बिटक्वाइन को कानूनी मान्यता नहीं है लेकिन इसने भी अपने समय में दुनिया के सबसे तेज गेंदबाजों में से एक रहे ली को मदद का हाथ बढ़ाने से नहीं रोका।
कमिंस जहां एक खिलाड़ी के तौर पर आईपीएल में भाग ले रहे है तो वहीं ली इसके कमेंट्री पैनल का हिस्सा है। उन्होंने कहा, 'यह समय है एकजुट होने का और यह तय करने का कि हमसे जितना हो सके जरूरतमंदों की मदद करें। मैं सभी फ्रंटलाइन (स्वास्थ एवं जरूरी सेवाओं से जुड़े) कर्मियों को धन्यवाद कहना चाहता हूं जो इस मुश्किल समय में काम कर रहे हैं। मैं सभी लोगों से आग्रह करता हूं कि वे अपना ध्यान रखें, घर में रहे, अपने हाथ धोते रहें और तभी बाहर निकले जब बहुत जरूरी हूं, मास्क पहनें और सामाजिक दूरी का पालन करें। बहुत अच्छा पैट कमिंस, तुमने जो कल पहल की उसके लिए।'
The post ब्रेट ली ने कोरोना से जंग में किए एक क्रिप्टो करंसी दान, 40 लाख रुपये है कीमत appeared first on Bhavtarini.