

इंडियन प्रीमियर लीग के 14वें सीजन का आगाज 9 अप्रैल से हो रहा है. पहला मैच डिफेंडिंग चैंपियन मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच खेला जाएगा. 10 अप्रैल को चेन्नई सुपर किंग्स अपना पहला मैच खेलेगी, जो दिल्ली कैपिटल्स के साथ होगा. पिछला सीजन खराब बीतने के बाद इस बार सीएसके जमकर तैयारी कर रही है. सीएसके की तैयारी के बीच थाला महेंद्र सिंह धोनी और चिन्ना थाला सुरेश रैना की दोस्ती की एक तस्वीर सामने आई है. सुरेश रैना ने इस तस्वीर को अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल से शेयर किया है. इस तस्वीर को शेयर करते हुए सुरेश रैना ने कैप्शन में लिखा है- आंख से आंख हमेशा नहीं, लेकिन दिल से दिल हमेशा मिलते हैं. इसके साथ ही उन्होंने इमोजी के जरिये दो दिल भी बनाए हैं. रैना और धोनी की इस तस्वीर को फैन्स काफी पंसद भी कर रहे हैं और जमकर कमेंट भी कर रहे हैं.

दरअसल, आईपीएल के पिछले सीजन में महेंद्र सिंह धोनी और सुरेश रैना की दोस्ती में दरार की खबरें मीडिया में काफी सुर्खियों में रही थीं. सुरेश रैना निजी कारणों का हवाला देकर आईपीएल 2020 के शुरू होने से पहले ही अपना नाम वापस ले लिया था. इसके बाद कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं, जिनमें से एक धोनी और रैना के बीच मनमुटाव भी बताया जा रहा था.सुरेश रैना और महेंद्र सिंह की दोस्ती काफी गहरी है. ये दोनों खिलाड़ी शुरुआत से ही चेन्नई सुपर किंग्स का हिस्सा हैं. इसके साथ दोनों एक साथ टीम इंडिया के लिए भी खेले हैं.

धोनी ने पिछले साल 15 अगस्त के दिन इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था. धोनी के संन्यास लेने के कुछ देर बाद ही सुरेश रैना ने भी इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया था आईपीएल 2021 के लिए सुरेश रैना एक बार फिर से चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़ गए हैं. रैना ने टीम के खिलाड़ियों के साथ मिलकर प्रैक्टिस शुरू कर दी है. सीएसके के ऑफिशियल ट्विटर पेज से खिलाड़ियों की प्रैक्टिस की तस्वीरें और वीडियो लगातार पोस्ट किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में रैना और धोनी की तस्वीर भी शेयर की गई है.
Herald