

दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक की खेलभावना को लेकर तमाम सवाल खड़े हो रहे हैं। पाकिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज के दूसरे वनडे इंटरनेशनल मैच में फखर जमां के विवादित रनआउट के बाद से ही डिकॉक को लेकर कई तरह के नेगेटिव कमेंट्स किए जा रहे हैं। इन सबके बीच उनके साथी खिलाड़ी तबरेज शम्सी ने ट्विटर के जरिए डिकॉक के आलोचकों को जवाब दिया है। शम्सी ने कहा कि उस समय डिकॉक ना ही बल्लेबाज से बात कर रहे थे और ना ही उसकी तरफ कोई इशारा कर रहे थे।

शम्सी ने ट्विटर पर लिखा, 'मैं बस साफ करना चाहता हूं कि क्विंटन डिकॉक उस समय ना ही बल्लेबाज से बात कर रहे थे और ना ही बल्लेबाज की ओर इशारा कर रहे थे, वह नॉन स्ट्राइकर एंड पर फील्डर को बैक-अप के लिए कह रहे थे। यह डिकॉक की गलती नहीं है कि बल्लेबाज ने पलट कर नॉन स्ट्राइक एंड की ओर देखा ना कि अपना रन पूरा करने पर ध्यान दिया, जो कि उन्हें करना चाहिए था। क्विंटन डिकॉक से नफरत करना बंद करिए और उन्हें अकेला छोड़िए।'

शम्सी ने आगे लिखा, 'क्या यह मजाकिया नहीं है कि बल्लेबाज अपना रन पूरा करने की जगह रुक गया? इस तरह से आप फखर जमां की शानदार पारी से ध्यान मत भटकाइये, जो उन्होंने खेली। बल्लेबाज का काम था कि वह रन पूरा करें। बात बस इतनी सी है।' फखर जमां आखिरी ओवर की पहली गेंद पर रनआउट हुए थे। वह स्ट्राइकर एंड की ओर भाग रहे थे, तभी क्विंटन डिकॉक ने नॉनस्ट्राइकर एंड पर इशारा किया और वह पीछे मुड़कर देखने लगे, जिसके चलते अपना रन नहीं पूरा कर सके और रनआउट हो गए। फखर ने 193 रनों की वर्ल्ड रिकॉर्ड पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करते हुए यह किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा रिकॉर्ड था।
Herald