Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

विश्व कीर्तिमान: क्लीन एंड जर्क में चीनियों को पछाड़ मीरा रहीं अव्वल

नई दिल्ली
'सर, कोई बात नहीं पहले लक्ष्य पर मैं खरी नहीं उतर पाई, लेकिन अब वही होगा जो आपने पहले से निर्धारित कर रखा है।' स्नैच में पहली दो लिफ्ट फेल होने पर तीसरी में 86 किलो उठाने के बाद मीरा ने कोच विजय शर्मा से यही शब्द बोले। स्नैच के बाद मीरा को क्लीन एंड जर्क की तीन लिफ्ट उठाने के लिए 10 मिनट का ब्रेक मिला। यहीं कोच विजय ने मीरा को प्रोत्साहित किया और कहा अब क्लीन एंड जर्क में नहीं चूकना है, जो तुमने प्रैक्टिस में किया है। उसे यहां जस का तस उतारकर दिखाना है।

मीरा ने ठीक वही किया और क्लीन एंड जर्क में 119 किलो वजन उठाकर विश्व और एशियाई कीर्तिमान रच डाला। हालांकि मीरा चीन की स्वर्ण पदक विजेता होऊ झीहुई (213 किलो) और चीन की ही रजत विजेता जियांग हुई हुआ (207 किलो) से पीछे रहीं लेकिन 205 किलो वजन उठाकर उन्होंने अपने जीवन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर यह बता दिया कि टोक्यो ओलंपिक में पदक उनकी पहुंच में है।

ताशकंद में चल रही एशियाई चैंपियनशिप में बतौर रेफरी मौजूद इंडियन वेटलिफ्टिंग संघ के महासचिव सहदेव यादव एक लाइन में साफ करते हैं। उन्हें इस विश्व कीर्तिमान की उम्मीद नहीं थी। मीरा का प्रदर्शन हैरतअंगेज है। विजय ने कल ही साफ किया था कि मीरा खुद से मुकाबला करेंगी। वह चीनियों के संघर्ष में नहीं फंसेंगी। हालांकि शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। स्नैच में 85 किलो की पहली दो लिफ्ट फेल होने पर मीरा दबाव में थीं, लेकिन कोच ने कहा कि चिंता की जरूरत नहीं है। यहां अच्छा नहीं भी होता है तो भी ओलंपिक टिकट के लिए यहां सिर्फ भाग लेना ही जरूरी है। तुम प्रैक्टिस में तो इतना आराम से कर रही हो। इसके बाद मीरा ने कहा सर, तीसरी लिफ्ट में 85 नहीं 86 किलो कर दीजिए और मीरा ने यह लिफ्ट उठाकर दिखा दी। स्नैच में वह चौथे स्थान पर थीं।

क्लीन एंड जर्क में मीरा ने तीनों लिफ्ट उठाने का कारनामा किया। उन्होंने पहली 113, दूसरी 117 और तीसरी 119 किलो की लिफ्ट उठा स्नैच में पहले, दूसरे स्थान पर रहीं दोनों चीनी लिफ्टरों को पीछे छोड़ दिया। इससे पहले उनका क्लीन एंड जर्क में सर्वश्रेष्ठ 2019 की विश्व चैंपियनशिप में 114 किलो था। हालांकि उन्होंने राष्ट्रीय चैंपियनशिप में 115 किलो उठाया था। लेकिन विजय का कहना है कि राष्ट्रीय के बजाय अंतरराष्ट्रीय प्लेटफार्म पर प्रदर्शन करना मुश्किल होता है।

The post विश्व कीर्तिमान: क्लीन एंड जर्क में चीनियों को पछाड़ मीरा रहीं अव्वल appeared first on Bhavtarini.