

भारतीय महिला वनडे टीम की कप्तान मिताली राज ने छत्तीसगढ़ के बीजापुर में हुए नक्सली हमले में घायल हुए जवानों और अफसरों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की है. मिताली ने अपने ट्विटर अकाउंट से नक्सली हमले में घायल हुए सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के डिप्टी कंमाडेंट संदीप द्विवेदी की एक तस्वीर शेयर की. इसके साथ उन्होंने लिखा कि जल्दी ठीक हो जाएं हमारे ब्रेवहार्ट. इस हमले में डिप्टी कंमाडेंट द्विवेदी भी जख्मी हुए हैं. फिलहाल, उनका इलाज रायपुर के अस्पताल में चल रहा है.सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के अफसर संदीप का दाएं हाथ पट्टियों से लिपटा हुआ है. उनके इस हाथ पर दो गोलियां लगी हैं. लेकिन फिर भी उनके चेहरे पर मुस्कान और हौसला बुलंद नजर आ रहा है. अस्पताल में उनकी यही तस्वीर किसी ने क्लिक की और फिर उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया था. इसके बाद से ये तस्वीर वायरल हो रही है.

लोग उनकी तस्वीर देखकर यही कह रहे हैं कि कातिल मुस्कान और आंखों का जुनून ही उनकी बहादुरी साबित करने के लिए काफी है. बीते शनिवार को छत्तीसगढ़ के बीजापुर में नक्सलियों ने जवानों पर हमला कर दिया था. इस हमले में सीआरपीएफ, छत्तीसगढ़ पुलिस, बस्तारिया बटालियन और डीआरजी के 23 जवान शहीद हो गए थे दो दिन पहले ही मिताली राज की कप्तानी में रेलवे ने महिला सीनियर वनडे ट्रॉफी जीती थी. रेलवे ने फाइनल में झारखंड को 7 विकेट से हराया था. ये रेलवे का रिकॉर्ड 12वां खिताब था. यह टूर्नामेंट का 14वां सीजन था और रेलवे की टीम 12वीं बार चैंपियन बनीं. पिछले साल कोरोना के कारण टूर्नामेंट नहीं हो सका था.
इससे पहले, मिताली ने मार्च में खास मुकाम हासिल किया था. वो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10 हजार रन बनाने वाली भारत की पहली और दुनिया की दूसरी महिला खिलाड़ी बनी थीं. मिताली ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के तीसरे मैच में यह उपलब्धि हासिल की थी. इंग्लैंड की चार्लेट एडवर्ड्स अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10 हजार रन बनाने वाली पहली महिला खिलाड़ी थीं. वहीं, उनकी जिंदगी पर आधारित 'शाबास मिठ्ठू' नाम से बायोपिक बन रही है. इसमें तापसी पन्नू उनका किरदार निभा रही हैं. हाल ही में उन्होंने इस फिल्म की शूटिंग शुरू की है. इसकी एक तस्वीर तापसी ने सोशल मीडिया पर शेयर की थी.
Herald