

स्पोर्ट्स डेस्क। IPL के 14 वे सीजन के आठवें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स का सामना पंजाब किंग्स से हो रहा है। चेन्नई के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। दोनों ही टीमों ने अपने प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया है। दीपक चाहर ने पंजाब किंग्स को पहला झटका पहले ही ओवर में दिया। उन्होंने मयंक अग्रवाल को पहले ओवर की चौथी गेंद पर क्लीन बोल्ड किया। मयंक अग्रवाल अपना खाता भी नहीं खोल पाए। वो दो गेंदों पर शून्य रन बनाकर आउट हुए।

चाहर ने अपने 4 ओवर 13 देकर 4 विकेट अपने नाम किए। इस दौरान उन्होंने एक मेडन ओवर भी फेंका। इसी के साथ चाहर साल 2017 में अपने डेब्यू के बाद से IPL में पहले 6 ओवरों में सबसे ज्यादा 36 विकेट चटकाने वाले गेंदबाज बन गए। इस मामले में दूसरे नंबर पर उमेश यादव है जिन्होंने IPL के शुरुआती 6 ओवरों में 25 विकेट अपने नाम किए हैं।

दीपक चाहर ने मयंक अग्रवाल (0), क्रिस गेल (10 रन), दीपक हुड्डा (10 रन) और निकोलस पूरन (0) को पवेलियन का रास्ता दिखाया। चाहर IPL में 2017 में अपने डेब्यू के बाद से सबसे ज्यादा 14 बल्लेबाजों को डक पर आउट करने वाले गेंदबाज बन गए है। IPL में सबसे ज्यादा डक पर आउट करने वाले दूसरे गेंदबाज उमेश यादव हैं। उमेश ने 2017 के बाद से 10 बार बल्लेबाजों को बिना खाता खोले पवेलियन का रास्ता दिखाया है।
दीपक चाहर का IPL में ये सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है। चाहर का पिछला सर्वश्रष्ठ प्रदर्शन 15 रन देकर 3 विकेट था जो उन्होंने 2018 में SRH के खिलाफ किया था। चाहर अब चेन्नई की ओर से पंजाब के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन करने के मामलें तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। इस मामले में पहले नंबर एल बालाजी (5/24) और दूसरे नंबर लुंगी एंगिडी (4/10) है।
Herald