

पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज फखर जमां के रनआउट को लेकर काफी विवाद चल रहा है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रविवार (3 अप्रैल) को खेले गए तीन मैचों की सीरीज के दूसरे वनडे इंटरनेशनल मैच में फखर ने 193 रनों की वर्ल्ड रिकॉर्ड पारी बेकार चली गई। मेजबान टीम ने 17 रनों से जीत दर्ज कर सीरीज में 1-1 से बराबरी हासिल कर ली। फखर के रनआउट को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ी हुई है कि क्या पाकिस्तान को उस गेंद पर पेनल्टी के पांच रन मिलने चाहिए थे और फखर को नॉटआउट होना चाहिए था? इस पर अब मेरीलेबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) ने अपने नियम को समझाया है कि क्यों फखर जमां को आउट करार दिया गया था।

एमसीसी ने दो ट्वीट्स किए हैं और समझाया है कि क्यों फखर जमां को आउट करार दिया गया था। एमसीसी ने ट्वीट में लिखा, '41.5.1 निमय में कहा गया है, 'यह गलत है कि अगर कोई फील्डर गेंद लेने के बाद अपने एक्शन, शब्दों से बल्लेबाज के रन लेते समय जानबूझकर उसमें अड़चन पैदा करने की कोशिश करता है।' #MCCLaws', इस ट्वीट के साथ एमसीसी ने उस विवादित रनआउट का वीडियो भी शेयर किया है। इसके बाद एमसीसी ने एक और ट्वीट में लिखा, 'नियम साफ है कि अगर फील्डर बल्लेबाज को जानबूझकर भ्रमित करे। फैसला लेने का अधिकार अंपायर के पास होता है कि ऐसा हुआ है या नहीं। फिर यह नॉटआउट होता है और पेनल्टी के पांच रन मिलते हैं और +2 रन जो बल्लेबाजों ने दौड़कर लिए थे और बल्लेबाज इसका फैसला लेता है कि अगली गेंद पर कौन स्ट्राइक लेगा।'

मैच की बात करें तो दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में छह विकेट पर 341 रन बनाए। डिकॉक ने 80 रनों की पारी खेली, जबकि कप्तान टेंबा बवुमा ने 92 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान 50 ओवर में 9 विकेट पर 324 रन ही बना सका। फखर मैच के आखिरी ओवर की पहली गेंद पर रनआउट हुए थे। फखर जब रन पूरा करने वाले थे, तब डिकॉक ने नॉनस्ट्राइर एंड की ओर इशारा किया, जबकि थ्रो स्ट्राइकर एंड पर आ रहा था, जहां फखर पहुंचने वाले थे। फखर ने पीछे मुड़कर देखा और इस तरह से रनआउट हो गए।
Herald