

न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के बीच तीसरा टी-20 मुकाबला ऑकलैंड में खेला गया. बारिश के कारण मैच को 20 ओवर की जगह 10-10 ओवर का कर दिया गया. न्यूजीलैंड ने यह मुकाबला 65 रन से जीत लिया. मैच में सबसे ज्यादा चर्चा न्यूजीलैंड के विकेटकीपर डेवॉन कॉनवे की हो रही है. उन्होंने एमएस धोनी के स्टाइल में बल्लेबाज अफीफ हुसैन को शिकार बनाया. डेवॉन कॉनवे ने चालाकी से अफीफ हुसैन को स्टम्पिंग कर आउट किया. सोशल मीडिया पर वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है और लोग उनको दूसरा एमएस धोनी कह रहे हैं.
Amazing display of glovework from Devon Conway " DHONI " #NZvBAN#NzvsBan #BANvNZ #FinnAllenpic.twitter.com/eDihFqgBqN
— Abdullah Neaz Lite (@cric_neaz) April 1, 2021
142 रन का पीछा करने उतरा बांग्लादेश 5 ओवर में 4 विकेट खोकर 52 रन बना चुका था. टॉड एस्टल गेंदबाजी करने आए. उनकी गेंद पर अफीफ हुसैन ने बैठकर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की. बॉल मिस हो गई और गेंद सीधे विकेटकीपर डेवॉन कॉनवे के पास चली गई. हाथ में गेंद आते ही उन्होंने गिल्लियां उड़ा दीं. फिर उन्होंने देखा कि अफीफ का पैर क्रीज से पीछे है. उन्होंने तुरंत अपील की और थर्ड अंपायर ने आउट करार दिया. उन्होंने वैसे ही स्टम्पिंग की, जैसे एमएस धोनी करते हैं.
बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. लेकिन उनका यह फैसला पूरी तरह से गलत साबित हुआ. कीवीज ने आते ही ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करना शुरू कर दिया. उन्होंने 10 ओवर में 141 रन बना डाले. जवाब में बांग्लादेश सिर्फ 76 रन ही बना पाया.न्यूजीलैंड की तरफ से फिन एलेन ने 29 गेंद पर 71 रन की धमाकेदार पारी खेली. उन्होंने इस पारी में 3 छक्के और 10 चौके जड़े. उनके अलावा मार्टिन गप्टिल ने 19 गेंद पर 44 रन की पारी खेली. जिसमें 1 चौका और 5 छक्के शामिल थे. न्यूजीलैंड की गेंदबाजी की बात करें, तो टॉड एस्टल ने 2 ओवर में 13 रन देते हुए 4 विकेट लिए. बांग्लादेश की तरफ से कोई बल्लेबाज नहीं चला. उनकी तरफ से सबसे ज्यादा मोहम्मद नईम ने 19 रन बनाए.
Herald