Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

टोक्यो ओलंपिक के लिए पहला भारतीय दल 17 जुलाई को रवाना होगा

नई दिल्ली
 भारत का 90 सदस्यों का पहला ओलंपिक दल अब 17 जुलाई को टोक्यो के लिए रवाना होगा। भारतीय ओलंपिक संघ (आइओए) के एक पदाधिकारी ने बताया कि भारतीय खिलाडि़यों सहित स्टाफ सदस्य मिलाकर पहला दल एयर इंडिया की चार्टेड फ्लाइट से रवाना होगा। हालांकि पहले यह दल 14 जुलाई को जाने वाला था लेकिन टोक्यो ओलंपिक खेलों के आयोजकों ने भारत के आग्रह स्वीकार नहीं किया, जिस पर आइओए ने निराशा भी व्यक्त की।

भारतीय खिलाडि़यों और अधिकारियों को टोक्यो पहुंचने पर तीन दिन के लिए अनिवार्य क्वारंटाइन पर रहना होगा। सूत्रों के अनुसार टोक्यो आयोजन समिति के क्षेत्रीय प्रबंधक काते योनेयामा को भेजे गए ईमेल में आइओए अध्यक्ष नरेंद्र बत्रा ने लिखा है कि आवश्यक मंजूरी लंबित होने के कारण आइओए के पास खिलाडि़यों का पहला दल 17 जुलाई को भेजने के अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं है।

आइओए प्रमुख ने ईमेल में लिखा, 'टोक्यो आयोजन समिति से हमें आवश्यक मंजूरी नहीं मिली है, इसलिए हम भारतीय दल को 17 जुलाई को भेजने की तैयारी कर रहे हैं, जो 18 जुलाई को टोक्यो पहुंचेगा। हम बेहद निराश हैं कि हमारे आग्रह को मंजूर नहीं किया गया। भारत पर लगाए गए सात दिन पहले प्रस्थान करने के चिकित्सा प्रोटोकाल को देखते हुए हमारे पास 17 जुलाई को रवाना होने और 18 जुलाई को वहां पहुंचने के अलावा कोई विकल्प नहीं है।'

The post टोक्यो ओलंपिक के लिए पहला भारतीय दल 17 जुलाई को रवाना होगा appeared first on Bhavtarini.