नई दिल्ली
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी सोमवार को लंबे समय बाद मैदान पर दिखे। हालांकि यह मैदान क्रिकेट का नहीं बल्कि फुटबॉल का था, जिसमें उनके साथ श्रेयस अय्यर और बॉलीवुड जगत से माही विज, रणवीर कपूर और सैफ अली खान के बेटे इब्राहिम अली खान भी थे। ये सभी बड़े नाम मुंबई के बांद्रा में ऑल स्टार्स फुटबॉल प्रैक्टिस मैच में भाग लेते नजर आए। प्लेइंग फॉर ह्यूमैनिटी नाम के इस इवेंट की कुछ तस्वीरें श्रेयस ने अपने इंस्टाग्राम पर भी शेयर कीं, जिस पर भारतीय टीम के नियमित कप्तान विराट कोहली ने मजेदार कमेंट किया है। सबसे पहले अय्यर ने फोटो शेयर करते हुए इसके कैप्शन में लिखा, 'बॉलिन विद दीज बॉलर्स।' उनके इस पोस्ट पर विराट ने फनी कमेंट करते हुए लिखा कि, 'अगली बार जब मैं शहर में मौजूद रहूं तो मुझे भी गिनना।' विराट ने ऐसा इसलिए लिखा, क्योंकि वे अभी इंग्लैंड में मेजबान टीम के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज की तैयारी कर रहे हैं। यह सीरीज 4 अगस्त से शुरू होनी है।
श्रेयस आईपीएल 2021 के यूएई चरण के लिए फिट होने की दिशा में काम कर रहे हैं और उन्होंने अपनी ट्रेनिंग शुरू कर दी है। पिछले साल दिल्ली कैपिटल्स को पिछले आईपीएल के फाइनल में पहुंचाने वाले अय्यर ने पांच दिन पहले टीम के सहायक कोच प्रवीण आमरे के साथ मुंबई के इंडोर बीकेसी फैसिलिटी में ट्रेनिंग शुरू की थी। इस महीने की शुरुआत में अय्यर चोट से उबरने के कारण रॉयल लंदन वनडे कप के लिए लंकाशायर टीम से बाहर हो गए थे।
The post एमएस धोनी के साथ फुटबॉल खेलते श्रेयस अय्यर की फोटो वायरल appeared first on Bhavtarini.