Halo !!! Saya Kang Ismet, ini adalah blog tentang AMP HTML dan cara penerapannya

भारतीय ‘बी’ की टीम की मेजबानी करना अपमानजनक: अर्जुन रणतुंगा

कोलंबो
श्रीलंका के पूर्व कप्तान अर्जुन रणतुंगा ने भारत के श्रीलंका दौरे को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि सीमित ओवरों की श्रृंखला के लिए दूसरी श्रेणी की भारतीय टीम की मेजबानी करना किसी अपमान से कम नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने अपने देश के क्रिकेट बोर्ड की भी कड़ी आलोचना की है। बता दें कि भारत और श्रीलंका के बीच 13 जुलाई से तीन वनडे और इतने ही टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखलाएं खेली जाएंगी।

दो साल पहले तक सरकार में मंत्री रहे पूर्व कप्तान रणतुंगा ने अपने आवास पर मीडिया से बातचीत में कहा, 'यह दूसरी श्रेणी की भारतीय टीम है और उनका यहां आना हमारी क्रिकेट का अपमान है। मैं टेलीविजन मार्केटिंग की जरूरतों को पूरा करने के लिए उनके साथ खेलने पर सहमत होने के लिए वर्तमान प्रशासन को दोषी मानता हूं।' श्रीलंका की 1996 की विश्व कप विजेता टीम के कप्तान ने कहा, 'भारत ने अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम इंग्लैंड भेजी है और कमजोर टीम यहां भेज दी है। मैं इसके लिए बोर्ड को दोष देता हूं।'

भारतीय टीम ने अभी अनिवार्य पृथकवास पूरा किया है और वह पहला वनडे 13 जुलाई को खेलेगी। पूर्व भारतीय कप्तान और वर्तमान में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी के प्रमुख राहुल द्रविड़ टीम के मुख्य कोच हैं। भारत ने कप्तान विराट कोहली और सीमित ओवरों के उप कप्तान रोहित शर्मा के आगामी टेस्ट श्रृंखला के लिये इंग्लैंड दौरे पर होने के कारण शिखर धवन की अगुवाई में कम अनुभवी टीम को श्रीलंका भेजा है। इसमें छह खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है।

The post भारतीय ‘बी’ की टीम की मेजबानी करना अपमानजनक: अर्जुन रणतुंगा appeared first on Bhavtarini.