स्पोर्ट्स डेस्क. टीम इंडिया ने अपने पहले ही मैच में दक्षिण अफ्रीका को 45 रन से हरा दिया है. दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी. वहीं, भारतीय टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी और 46.5 ओवर में 232 रन बनाकर ऑल आउट हो गई. वहीं, 233 रनों का लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम 187 रन पर भी ऑल आउट हो गई. स्पिन गेंदबाज विक्की ओस्तवाल ने 5 विकेट ले कर शानदार प्रदर्शन किया। भारतीय टीम ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2022 में जीत के साथ आगाज किया है।

भारत और दक्षिण अफ्रीकी अंडर-19 टीमों के बीच पिछले छह मुकाबलों में भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहा है. भारत ने पांच मुकाबले जीते हैं और एक में हार का सामना करना पड़ा है. विश्व कप में भारत और दक्षिण अफ्रीका की टीमें आठ बार आमने-सामने आ चुकी हैं. इनमें से दोनों टीमों ने चार-चार मैच जीते हैं. भारत की तरफ से कप्तान यश धुल ने सबसे अधिक 82 रन बनाए. वहीं, निशांत सिंधु 27 रन, राज बावा 13 रन और कौशल तांबे 35 रन बना सके. टीम इंडिया के छह बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू सके. इसमें अंगकृश रघुवंशी (5), हरनूर सिंह (1), दिनेश बाना (7), विक्की ओस्तवाल (9), राजवर्धन हांगरगेकर (0) और रवि कुमार (0 नाबाद) शामिल है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत की शुरुआत बेहद खराब रही. भारतीय टीम ने महज 11 रन के स्कोर पर अपने सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए. इसके बाद शेख रशीद और कप्तान यश धुल ने पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 71 रनों की साझेदारी निभाई। रशीद 54 गेंदों में 31 रन बनाकर आउट हुए. यहां से यश ने निशांत सिंधु, राज बावा और कौशल तांबे के साथ मिलकर छोटी मगर अहम साझेदारियां निभाई और टीम के स्कोर को 200 के पार ले गए. हालांकि कप्तान यश के रनआउट होने के बाद पूरी टीम 46.5 ओवर में 232 रन पर ही सिमट गई।
Herald