स्पोर्ट्स डेस्क. केप टाउन के न्यूलैंड्स में मंगलवार को कोहली ने टेस्ट क्रिकेट में अपनी 28वीं अर्धशतकीय पारी खेली. अपने अर्धशतक तक पहुंचने के लिए कोहली को 157 गेंदें लगीं, जोकि टेस्ट क्रिकेट में उनकी दूसरी सबसे धीमी हॉफ सेंचुरी है। साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे व निर्णायक टेस्ट में कप्तान विराट कोहली एक छोर संभाले खड़े रहे और दूसरी तरफ से बल्लेबाज एक के बाद एक आउट होकर जाते रहे।

गिरते विकेटों के बीच कोहली ने कुछ शानदार कवर और स्ट्रेट ड्राइव्स खेलीं. ये कोहली के करियर की सबसे खूबसूरत और सबसे चुनौती भरी पारियों में से एक भी रही. कोहली ने कवर ड्राइव से अपना अर्धशतक भी पूरा किया. इसी के साथ कोहली ने एक बड़ा बल्लेबाजी कीर्तिमान भी हासिल किया. साउथ अफ्रीका के खिलाफ सर्वाधिक रन वाले भारतीय बल्लेबाजों की लिस्ट में कोहली ने राहुल द्रविड़ को पीछे छोड़ते हुए दूसरा स्थान हासिल कर लिया है. कोहली मैच शुरू होने से पहले द्रविड़ के 624 से महज 14 रन पीछे थे. अपने 99वें टेस्ट में विराट ने ये मुकाम हासिल किया।
कोहली उस समय बल्लेबाजी करने उतरे जब टीम इंडिया ने महज 33 रन पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाज खो दिए थे. कोहली ने चेतेश्वर पुजारा (43) के साथ अर्धशतकीय साझेदारी निभाई. इसके बाद अजिंक्य रहाणे (9) एक और बार फेल रहे. कोहली और ऋषभ पंत (27) ने 51 रन की साझेदारी की. पंत गली में कैच देकर आउट हुए। बता दें कि कप्तान विराट कोहली ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ जारी तीसरे टेस्ट की पहली पारी में 201 गेंद का सामना करते हुए 12 चौके और एक छक्के की मदद से 79 रन बनाए. उनकी इस पारी की मदद से भारतीय टीम ने पहली पारी में 223 रन बनाए. इसके जवाब में साउथ अफ्रीका ने एक विकेट खोकर 17 रन बनाए हैं।
Herald