आईपीएल 2022 सीजन (IPL 2022) की शुरुआत बेहद धमाकेदार रही है. शनिवार 26 मार्च से शुरू हुए टूर्नामेंट में मंगलवार 29 मार्च तक चार दिनों के अंदर सभी 10 टीमों ने अपने-अपने पहले मैच खेल लिए और कुछ रोमांचक मुकाबले इसमें देखने को मिले. मंगलवार को पुणे में राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH vs RR) की टक्कर के साथ पहले दौर के मैच खत्म हुए. अब जबकि सभी टीमों ने अपने-अपने पहले मैच खेल लिए हैं, तो पॉइंट्स टेबल (IPL 2022 Points Table) की चर्चा शुरू करने का वक्त आ गया है, क्योंकि राजस्थान ने अपनी शानदार जीत से पहला स्थान हासिल कर लिया है। राजस्थान ने एकतरफा अंदाज में हैदराबाद को 61 रनों के बड़े अंतर से हराकर नए सीजन का शानदार आगाज किया।

ऐसे में पॉइंट्स टेबल में कौन सी टीम किस स्थान पर रहेगी, इसका फैसला नेट रनरेट के आधार पर होता है और इसमें फिलहाल बाजी मारी है राजस्थान ने. पहले अपनी विस्फोटक बैटिंग के दम पर राजस्थान ने 210 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. फिर सटीक गेंदबाजी के बलबूते हैदराबाद को सिर्फ 149 रन पर निपटाकर बड़ी जीत हासिल की। पहले दौर के मैच के बाद कोलकाता नाइट राइडर्स, दिल्ली कैपिटल्स, पंजाब किंग्स, गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स ने अपने मुकाबले जीते और सभी के खाते में दो पॉइंट्स दर्ज हुए।
* हारी हुई टीमों का हाल :
जहां तक हारी हुई टीमों की बात है, तो छठें स्थान पर है लखनऊ सुपर जायंट्स. आईपीएल में अपना डेब्यू कर रही ये टीम लीग की दूसरी नई टीम गुजरात टाइंटस से हारी थी, इसलिए उसका NRR -0.286 है. उसके बाद सातवें स्थान पर चेन्नई सुपर किंग्स (-0.639), आठवें पर बैंगलोर (-0.697) और नौवें स्थान पर पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस (-0.914) हैं. पहले दौर के बाद सबसे फिसड्डी टीम है सनराइजर्स हैदराबाद, जो पिछले साल भी आखिरी स्थान पर थी. उसका नेट रनरेट -3050 है।
* राजस्थान टॉप पर, दिल्ली दूसरे स्थान पर :
इस जीत के साथ ही राजस्थान के खाते में 2 पॉइंट्स आए और साथ ही उसने 3.050 के बेहद ऊंचे नेट रनरेट के साथ पॉइंट्स टेबल में एंट्री मारी. ऊंचे रनरेट के कारण राजस्थान की टीम दिल्ली, कोलकाता, गुजरात और पंजाब को छोड़कर पहले स्थान पर है. वहीं दूसरे स्थान पर दिल्ली है, जिसका NRR अभी 0.914 है. दिल्ली ने मुंबई को हराया था. इसके बाद तीसरे नंबर पर है पंजाब किंग्स, जिसने बैंगलोर के खिलाफ 206 रनों का लक्ष्य आसानी से हासिल किया. वह 0.697 के रेट के साथ कोलकाता (0.639) और गुजरात (0.286) से आगे हैं।
Herald