मुंबई: इस समय पूरी दुनिया के क्रिकेट फैंस की नजर भारत में खेले जा रहे इंडियन प्रीमियर लीग सीजन 15 (IPL- 2022) पर है. दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग में कई देशों के बड़े क्रिकेटर अपना जलवा दिखा रहे हैं. लेकिन इसी बीच क्रिकेट फैंस के लिए एक बुरी खबर सामने आई है. दरअसल, मुंबई के एक दिग्गज क्रिकेटर का अचानक निधन हो गया है।
मुंबई के पूर्व तेज गेंदबाज और 2006-07 रणजी ट्रॉफी खिताब जीतने वाली टीम के सदस्य राजेश वर्मा का रविवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वर्मा केवल 40 वर्ष के थे। उनके मुंबई टीम के पूर्व साथी भाविन ठक्कर ने उनके निधन की पुष्टि की है। वर्मा, जो अपने करियर में केवल 7 प्रथम श्रेणी मैच खेल सके, 2006-07 में मुंबई की रणजी ट्रॉफी चैंपियन टीम के एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी थे। राजेश वर्मा ने 2002-03 में प्रथम श्रेणी में पदार्पण किया और आखिरी बार 2008 में ब्रेबोर्न स्टेडियम में पंजाब के खिलाफ खेले। उन्होंने 7 मैचों में 23 विकेट लिए।
इसके साथ ही उन्होंने 11 'लिस्ट ए' मैच खेले और 20 विकेट अपने नाम किए। राजेश वर्मा ने विश्व कप विजेता अनुभवी क्रिकेटर दिलीप वेंगसरकर की एल्फ अकादमी में क्रिकेट की बारीकियां सीखीं। आईपीएल के बीच इस खबर ने दुनिया भर के क्रिकेट फैंस को झटका दिया है. राजेश वर्मा ने बहुत ही कम समय में घरेलू क्रिकेट में अच्छा नाम कमाया था। खासतौर पर वह अपनी यॉर्कर गेंदों के लिए लोगों के बीच मशहूर थे। एक पारी में उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी रिकॉर्ड 97 रन देकर 5 विकेट था। इसके अलावा राजेश ने 4 टी20 मैचों में 5 विकेट लिए।
Herald