ओलंपिक चैंपियन भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा का कहना है कि वह सत्र की शुरुआत में अपने प्रतिद्वंद्वियों के शानदार प्रदर्शन से परेशान नहीं हैं, लेकिन उन्होंने कहा कि वह भी इस साल 90 मीटर का थ्रो फेंकना चाहते हैं। मौजूदा विश्व चैम्पियन ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स और तोक्यो ओलंपिक के रजत पदक विजेता चेक गणराज्य के जैकब वलाच ने भी 13 मई को दोहा डायमंड लीग में क्रमश: 93.07 और 90.88 मीटर का थ्रो फेंका है।
नीरज चोपड़ा ने तुर्की में अपने अभ्यास केंद्र से ऑनलाइन बातचीत में कहा है कि मैं दूरी का दबाव नहीं ले रहा हूं। पीटर्स और जैकब काफी मेहनत में लगे हैं, इस वजह से उन्होंने अच्छा प्रदर्शन भी किया है। मेरा सपना 90 मीटर पार करने का है और मैं इस साल कोशिश करने जा रहा हूं। मुझे पता है कि प्रतिस्पर्धा कठिन और बढ़ती जा रही है। यह दिन के प्रदर्शन, मौसम और अन्य स्थितियों पर निर्भर करता है। मैं आमतौर पर किसी के प्रदर्शन या रिकॉर्ड से आगे निकलने के बारे में नहीं सोच रहा हूं। मेरा ध्यान अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर रहता है।
चोपड़ा वर्तमान में तुर्की के अंताल्या में कोच क्लॉस बार्टोनीज के साथ अभ्यास कर रहे हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत प्रदर्शन 88.07 मीटर है। वह फ़िनलैंड में सीज़न की पहली प्रतियोगिता खेलते हुए दिखाई देंगे, जहाँ उनका सामना पीटर्स और जर्मनी के जोहान्स वेटर से होगा, जिन्होंने कई बार 90 मीटर से ऊपर का थ्रो भी मारा है। जिसके बाद वह जून में फिनलैंड में होने वाले कुओर्टेन खेलों में हिस्सा लेंगे जहां वह पिछले साल तीसरे स्थान पर रहे थे। मेरा लक्ष्य विश्व चैंपियनशिप में अच्छा प्रदर्शन करना है। इसके अलावा मैं कॉमनवेल्थ गेम्स में फिर से गोल्ड जीतना चाहूंगा।
Herald